जोगिया – पेड़ की डाल काटते समय करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत
📅 Published on: September 29, 2022
अभषेक शुक्ल
जोगिया। कोतवाली क्षेत्र के टड़िया बाजार गांव में बुधवार को पेड़ की डाल काटते समय एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी सिद्धू (45) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के टेड़िया बाजार गांव निवासी रामचंद्र पांडेय के घर मजदूरी करने गए थे। बुधवार को वह घर के बगल लगे पेड़ पर चढ़कर टहनियों को काट रहे थे। इसी बीच ऊपर से गुजरे बिजली के तार के संपर्क में आ गए और घायल होकर नीचे गिर गए। इससे अफरा-तफरी मच गई।जब तक लोग उसके पास पहुंचते और कुछ कर पाते, वह दम तोड़ चुके थे। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में कोतवाल जोगिया दिनेश कुमार सरोज ने बताया कि शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।


