बाढ़ की विभीषिका के कारण सोमवार एवं मंगलवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव किया पारित
📅 Published on: October 17, 2022
जनपद में आवागमन बंद होने के कारण लिया गया फैसला
kapilvastupost reporter
सिद्धार्थनगर। जनपद में बाढ़ की विभीषिका से हुए मार्गों के अवरुद्ध होने की वजह से आवागमन बाधित हो जाने के कारण सोमवार एवं मंगलवार को कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन ने पारित किया है। जिसके अनुक्रम में सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहे।
महामंत्री दिव्य प्रकाश शुक्ल ने बताया कि सोमवार को सिविल सिद्धार्थ बार एसोसिएशन कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक में जनपद में बाढ़ की विभीषिका की वजह से मार्ग अवरुद्ध होने से जनपद मुख्यालय से लगभग सभी तहसीलों का सम्पर्क टूट जाने की वजह से अधिवक्ताओं एवं वादकारियों के न्यायालय तक न पहुँच पाने की वजह से दो दिनों के लिए सोमवार एवं मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव होने के परिणामस्वरूप सोमवार को सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहे जिससे सोमवार को जनपद एवं सत्र न्यायालय सहित सभी न्यायालयों, परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग, सभी राजस्व न्यायालयों, चकबन्दी न्यायालयों एवं तहसील न्यायालयों में न्यायिक कार्य नहीं हो सका एवं आज मंगलवार को भी सभी न्यायालयों, अधिकरणों आदि में न्यायिक कार्य नहीं होगा।


