📅 Published on: January 23, 2025
nizam ansari
सिद्धार्थ नगर जनपद के शोहरतगढ़ क्षेत्र से विधायक विनय वर्मा ने किसानों को वितरण के लिए भेजे गए पंप सेट के मानक को लेकर अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई। विधायक ने अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पंप सेट वितरण समारोह का बहिष्कार कर दिया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब किसानों को 43 हजार रुपये कीमत का पंप सेट देने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें 29 हजार रुपये कीमत वाला पंप सेट वितरित किया गया। इस मामले को लेकर किसानों में भी आक्रोश था, और विधायक ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से इसका स्पष्टीकरण मांगा।
विनय वर्मा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जा सकता। जो वादा किया गया था, वह पूरा होना चाहिए था। अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज किया है और यह किसानों के साथ धोखा है। उन्होंने आगे कहा, जब तक किसानों को उनके हक का सामान नहीं मिलेगा, तब तक मैं इस समारोह का हिस्सा नहीं बन सकता|
आज जिला सिद्धार्थनगर के नौगढ़ ब्लॉक में लघु सिंचाई विभाग द्वारा किसानों को पंपसेट वितरित किया जाना था। वितरण कार्यक्रम के लिए शोहरतगढ़ के लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा को बुलाया गया था।
विधायक के पहुंचते ही किसानों ने अवगत कराया कि उन्हें जिस कंपनी का पंपसेट देने को कहा गया था उस कंपनी के बजाय किसी और कंपनी का कम गुणवत्ता वाला पंपसेट दिया जा रहा है।
जबकि किसानों से 22 हज़ार रुपए लिए गए थे और उन्हें यह कहा गया था कि सब्सिडी के माध्यम से उन्हें क़रीब 43 हज़ार रुपए मूल्य का पंपसेट दिया जाएगा। जो पंपसेट किसानों को वितरण के लिए दिया जा रहा था , उसपर लगभग 29 हज़ार रुपए मूल्य अंकित था।
इसे देखकर किसान बहुत नाराज हुए। किसानों ने विधायक को यह भी बताया कि यह सबकुछ लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार यादव द्वारा किया गया। जिनके पास वैकल्पिक ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भी मौजूद थे।
विधायक ने किसानों की बात सुनने के बाद वितरण कार्यक्रम निरस्त करवा दिया । मैंने अन्नदाताओं को आश्वस्त किया है कि अधिकारियों का यह कृत्य माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाने की बात कही | उन्होंने कहा कुछ अधिकारियों की अनियमितता से अगर किसानों को ही नुकसान पहुंचाया जाएगा तो हम इसे बर्दास्त नहीं करेंगे।
मैं मुख्यमंत्री जी से माँग करता हूँ कि किसानों को सही गुणवत्ता वाला पंपसेट मिले और जिम्मेदार अधिकारियों के ख़िलाफ़ जाँच करके कड़ा एक्शन हो जिससे दोबारा किसानों के साथ गड़बड़ी की हिम्मत कोई अधिकारी न करे।