उत्तर प्रदेश दिवस पर सिद्धार्थनगर के अनिल चौधरी सम्मानित, काला नमक चावल के उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए मिली सराहना

Nizam ansari

लखनऊ: उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर राज्य की राजधानी में आयोजित ( 24 जनवरी से 26 जनवरी ) विशेष समारोह में सिद्धार्थनगर जिले के अनिल चौधरी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अपर कृषि निदेशक ( प्रसार ) राजेंद्र कुमार सिंह ने अनिल चौधरी को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

अनिल चौधरी ने सिद्धार्थनगर के मशहूर “काला नमक चावल” के उत्पादन और प्रसार में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने इस पारंपरिक और विशिष्ट धान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया है।

कार्यक्रम में अपर कृषि निदेशक ने कहा, काला नमक चावल उत्तर प्रदेश की धरोहर है, और अनिल चौधरी जैसे किसान इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रशंसा के पात्र हैं। उनके प्रयास न केवल किसानों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाते हैं।

अपने पापा की कामयाबी को दर्शाता अनिल चौधरी का बेटा स्मार्ट चौधरी

अनिल चौधरी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद रिपोर्टर से कहा, यह सम्मान पूरे सिद्धार्थनगर और उन सभी किसानों के नाम है, जो काला नमक चावल की खेती में लगे हुए हैं। हमारा उद्देश्य इस चावल को हर घर तक पहुंचाना और इसे वैश्विक पहचान दिलाना है।

इस अवसर पर कृषि विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में काला नमक चावल की गुणवत्ता और इसके स्वास्थ्यवर्धक गुणों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

उत्तर प्रदेश दिवस पर यह सम्मान काला नमक चावल के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।