📅 Published on: February 8, 2025
कन्दवा बाजार निवासी श्याम बिहारी मिश्र अपनी पत्नी व बहु-बेटे के साथ पांच फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए गए हुए थे। परिवार के महाकुंभ स्नान पर जाने का फायदा उठाते हुए चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के अंदर के कमरों के ताले भी तोड़े और वहां रखे सामान की चोरी कर ली।
छह फरवरी को पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा और तुरंत श्याम बिहारी को फोन कर सूचित किया।
सूचना मिलते ही परिवार रात में ही वापस लौट आया और अगले दिन पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीड़ित श्याम बिहारी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि चोरों ने परिवार के सदस्यों के सोने के गहने जिनमें तीन चेन, दो मंगलसूत्र, तीन हार, छह कंगन, नौ अंगूठियां, एक ब्रेसलेट, दो झाले, चार बालियां और तीन नथुनियां शामिल है को चुरा लिया।
इसके अलावा 45 चांदी के सिक्के, डेढ़ किलो चांदी की पायल, डेढ़ किलो पावजेब, बिछुआ, ब्रेसलेट, चांदी के दो सेट बर्तन, एक प्लेट, चम्मच, गिलास भी ले गए।
चोरों ने आलमारी में रखे एक लाख सत्तर हजार रुपए की नकदी, चार कलाई घड़ियां और एक मोबाइल फोन भी चुरा ले गए।
घटना स्थल का पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जायजा लिया। थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने कहा कि तहरीर मिली है। पुलिस टीम जांच में जुटी है। जल्द ही खुलासा होगा।