📅 Published on: June 22, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
आदर्श नगर पंचायत बढ़नी स्थित पश्चिमी रेलवे फाटक संख्या 87-A पर लगने वाला भीषण जाम अब अतीत की बात हो चला है। वर्षों से चली आ रही इस परेशानी से नगरवासियों को अब बड़ी राहत मिली है, और इसका श्रेय जाता है क्षेत्र के जागरूक और सक्रिय स्थानीय पत्रकारों को, जिन्होंने इस समस्या को लगातार अपने समाचार माध्यमों के जरिए प्रमुखता से उठाया।
रेल फाटक के अव्यवस्थित ढंग से बंद होने पर लोगों को भारी जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता था। इस गम्भीर जनसमस्या को लेकर स्थानीय पत्रकारों ने निरंतर रिपोर्टिंग की, जनहित को ध्यान में रखते हुए समाधान के लिए प्रशासन से संवाद स्थापित किया और अस्थायी डिवाइडर तथा ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग को मजबूती से रखा।
इन पत्रकारों की सतत कोशिशों और जनसरोकार की पत्रकारिता के चलते प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और अब रेलवे क्रॉसिंग पर अस्थायी डिवाइडर के साथ यातायात पुलिस की तैनाती कर दी गई है। इससे फाटक बंद होने के समय अब ट्रैफिक सुचारु रूप से नियंत्रित हो रहा है और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी देखी जा रही है।
नगरवासियों ने इस सकारात्मक परिवर्तन पर हर्ष जताते हुए पत्रकारों की पहल को सराहा है। लोगों का मानना है कि मीडिया ने केवल समस्या उजागर नहीं की, बल्कि उसके समाधान में पुल का कार्य भी किया।
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि जब पत्रकारिता जनहित में की जाती है और प्रशासन सजग होता है, तो सामूहिक प्रयासों से बड़े से बड़े मसले भी सुलझाए जा सकते हैं।