कटाव की चपेट में खैरी शीतल प्रसाद, विधायक विनय वर्मा ने किया स्थलीय निरीक्षण – प्रशासन पर गुमराह करने का लगाया आरोप

Nizam Ansari 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
22 जून 2025 को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के खैरी शीतल प्रसाद गांव के मुख्य टोले का दौरा कर बूढ़ी राप्ती नदी द्वारा हो रहे तीव्र कटाव का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए समस्या की गंभीरता को समझा और प्रशासन पर लापरवाही तथा जनप्रतिनिधियों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

भौगोलिक दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील खैरी शीतल प्रसाद गांव बूढ़ी राप्ती नदी के तट पर बसा है। यह क्षेत्र हर साल सबसे पहले बाढ़ की चपेट में आता है। बाढ़ आने पर यहां के संपर्क मार्ग जलमग्न हो जाते हैं और गांव का बाकी क्षेत्र से संपर्क पूरी तरह कट जाता है।

ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि इस वर्ष नदी का कटाव टोले से मात्र 50 मीटर की दूरी पर पहुंच चुका है, जिससे गांव पर संकट और अधिक गहरा गया है। लोगों की चिंता यह है कि यदि शीघ्र कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई तो घर, खेत और रास्ते सब कुछ बह जाने की आशंका है।

गांव के प्रधान शिवकुमार साहनी ने बताया कि सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता दो बार स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और लगभग 2.75 करोड़ रुपये का कटान रोधी कार्य प्रस्तावित होने की जानकारी दी थी। साथ ही यह आश्वासन दिया गया था कि जून 2025 तक कार्य शुरू हो जाएगा। लेकिन आज तक एक भी ईंट नहीं रखी गई है।

विधायक विनय वर्मा ने इस मौके पर फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा –माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जी को ज़मीनी सच्चाई से भटकाया जा रहा है। जब मंत्री जी कल जनपद में आए थे, तब उन्हें खैरी शीतल प्रसाद, तौलिहवा और बसहिया जैसे संवेदनशील गांवों में ले जाने के बजाय उन क्षेत्रों में घुमाया गया जहां कोई खतरा नहीं था।

विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार बाढ़ से जन-धन की हानि होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।

विधायक ने आश्वासन दिया कि – अपने क्षेत्र की हर समस्या को मैं खुद देखूंगा, सुनूंगा और समाधान तक पहुंचाऊंगा।

इस दौरे के दौरान ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही कटाव रोकने की दिशा में प्रभावी कार्य शुरू किया जाएगा।