📅 Published on: June 22, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
ग्राम पंचायत घरुवार की प्रधान शारदा देवी के पति राधेश्याम शर्मा ने रविवार को बढ़नी स्थित डाक बंगले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव के निवासी शेषराम यादव द्वारा दो बार उन पर हमला किया गया, लेकिन पुलिस ने अब तक न तो उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, न ही कोई सख्त कार्रवाई की।
राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 9 मई को शेषराम यादव ने उन पर हमला किया था, जिसमें उन्हें चोटें भी आई थीं। इसकी शिकायत चौकी व थाने पर कई बार दी गई, लेकिन काफी दौड़भाग के बाद हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर खानापूरी कर दी गई।
उन्होंने आगे बताया कि 12 जून को आरोपी ने एक बार फिर ईंट से हमला करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसकी सूचना तत्काल थाना ढेबरुआ को दी गई, मगर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। राधेश्याम ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी से मिली हुई है और जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही।
राधेश्याम शर्मा ने आशंका जताई कि – पूर्व में भी हमारे गांव में एक प्रधान की हत्या हो चुकी है। अब मेरी भी जान को खतरा है। यदि मुझे कुछ होता है, तो उसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन की होगी।
उन्होंने जिला प्रशासन व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
🚔 पुलिस का पक्ष:
थानाध्यक्ष ढेबरुआ गौरव सिंह ने बताया कि – मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शांतिभंग में पाबंद किया गया है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।