डुमरियागंज – औसानपुर में भूमि घोटाला कूटरचित दस्तावेज बनाकर बेची गई 814 वर्गमीटर जमीन, डुमरियागंज पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Kapilvastupost

डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के ग्राम औसानपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। माली मैनहा निवासी दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता जुबेर अहमद ने आरोप लगाया कि ग्राम औसानपुर स्थित गाटा संख्या 164, रकबा 0.605 हेक्टेयर जमीन पर उनका संक्रमणीय भूमिधर कब्जा है। 24 फरवरी 2020 को उन्होंने इस जमीन में से 78.13 वर्गमीटर हिस्सा अबूमाज पुत्र कमरूज्जमा निवासी माली मैनहा मुश्तहकम को बैनामा किया था। साथ ही मौके पर कब्जा भी दे दिया गया।

इसके बाद अबूमाज ने अपनी जमीन में से 56 वर्गमीटर हिस्सा शनि जायसवाल पुत्र भगवानदास को बेच दिया, जबकि अबूमाज के पास उक्त जमीन में 2213 वर्गमीटर ही शेष था। लेकिन अबूमाज ने जफर अहमद पुत्र मसूद अहमद के साथ मिलकर षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर कुल 814.93 वर्गमीटर जमीन का बैनामा कई लोगों के नाम कर दिया।

इनमें शाहपुर मुश्तहकम निवासी सत्येंद्र प्रताप सिंह, डुमरियागंज निवासी रूपेश कुमार, रामकरण, शशिकला, फत्तेपुर निवासी सुधा मिश्रा और माली मैनहा निवासी सालिकराम आदि शामिल हैं।

जुबेर अहमद का कहना है कि अबूमाज को केवल 78.13 वर्गमीटर बेचने का अधिकार था, लेकिन षड्यंत्रपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शेष भूमि का विक्रय कर नाजायज लाभ उठाया गया।

थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी के तहत केस दर्ज कर गहन जांच की जा रही है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।