📅 Published on: June 24, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के बढ़पुर नंबर 13 शिवदत्तपुर निवासी विजय (15) पुत्र रामअचल की शुक्रवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विजय महुअरिया गांव में एक कबाड़ की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार की रात काम खत्म करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बढ़पुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि विजय ही परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस अज्ञात वाहन व चालक की तलाश में जुट गई है।
थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश कुमार यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।