सिद्धार्थ नगर – हत्या की नीयत से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा अभी फरार

Kapilvastupost

इटवा, सिद्धार्थनगर। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को इटवा पुलिस ने बुधवार को बदेलिया तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

थानाध्यक्ष इटवा श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि बलरामपुर जिले के गुलरिहा अहिरौली निवासी चन्द्रावती ने 19 जून को तहरीर देकर बताया था कि उसका बेटा विजय प्रकाश मिश्र 18 जून को बाइक से इटवा थाना क्षेत्र के चंदी चौराहा जा रहा था। रास्ते में मामा ढाबा के पास पहले से घात लगाए बैठे बलरामपुर के हाशिम पारा निवासी राजन, विक्की और दिनेश ने चार पहिया वाहन से उतरकर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने उसे मृत समझकर गाड़ी और मोबाइल मौके पर छोड़ दिया और फरार हो गए। सूचना पर पीड़िता का छोटा बेटा मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल विजय को एंबुलेंस से इटवा सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे बस्ती जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर किया गया। फिलहाल युवक का इलाज लखनऊ के निजी अस्पताल में जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इटवा पुलिस ने धारा 115(2)/109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को एसआई नागेन्द्र सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और रमेश यादव की टीम ने आरोपी सुरेंद्र मिश्र उर्फ विक्की और वीरेंद्र मिश्र उर्फ राजन को बदेलिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी दिनेश की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।