सिद्धार्थ नगर – प्रधान और भाइयों पर खेत कब्जा करने धमकी देने का आरोप — महिला की तहरीर पर केस दर्ज

Kapilvastupost

बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र में दबंगई के बल पर ग्राम प्रधान द्वारा खेत कब्जा करने का मामला सामने आया है। भलुहा गांव निवासी पीड़िता हेमंती ने प्रधान और उसके तीन भाइयों पर खेत जोतने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसडीएम के आदेश पर खेसरहा पुलिस ने प्रधान सदावृक्ष यादव उर्फ गुड्डू यादव सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पीड़िता हेमंती ने बताया कि उनके ससुर की मौत के बाद प्रधान ने जबरन उनकी करीब दो बीघा खेत जोत लिया। इतना ही नहीं, प्रधान ने तीन साल पुराने 73 हजार रुपये के कर्ज का हवाला देकर खेत कब्जाने की धमकी भी दी। महिला द्वारा विरोध करने पर उसकी धान की नर्सरी और करीब दो बीघा रोपा गया धान भी जोत दिया गया।

पीड़िता ने 24 जून को एसडीएम बांसी शशांक शेखर राय से शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल खेसरहा थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। खेसरहा पुलिस ने प्रधान गुड्डू यादव और उसके तीन भाइयों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।