📅 Published on: June 28, 2025
Niyamtullah khan
सिद्धार्थनगर। आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष व डुमरियागंज निवासी इंजीनियर इमरान लतीफ ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने डुमरियागंज सहित प्रदेश के दो अहम मुद्दों को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
इमरान लतीफ ने कहा कि सरकार प्राइवेट स्कूलों से मिलीभगत कर गरीब बच्चों का भविष्य खराब कर रही है। सरकारी विद्यालयों को साजिश के तहत बंद किया जा रहा है ताकि गरीब व मध्यम वर्ग के बच्चे अच्छी शिक्षा से वंचित हो जाएं। सरकारी स्कूल बंद होने से ग्रामीण इलाकों के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के इलाकों में जाना पड़ेगा, जिससे उनका भविष्य खतरे में है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों शिक्षकों के पद खाली हैं, लेकिन सरकार भर्ती से बच रही है। इससे शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है।
फागू शाह बाबा की मजार पर हो रही राजनीति
डुमरियागंज विधानसभा के बदलिया गांव में स्थित ऐतिहासिक फागू शाह बाबा की मजार पर प्रशासन द्वारा लगाए गए ताले पर भी इमरान लतीफ ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि यह मजार हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल है, लेकिन कुछ स्थानीय नेता इसे राजनीति का केंद्र बनाकर समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मजार को शीघ्र खोला जाए और वहां की सामाजिक सौहार्द की परंपरा को कायम रखा जाए। इसके साथ ही स्थानीय नेताओं पर आरोप लगाया कि वह सामाजिक एकता को खराब करने की साजिश में शामिल हैं।