तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार भाइयों को मारी टक्कर, बड़े भाई की मौत, छोटा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़- चेतिया मार्ग पर भटपुरवा गांव के पास भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक धर्मराज अपने छोटे भाई अजय के साथ बाइक से शोहरतगढ़ की ओर आ रहा था। भटपुरवा गांव के पास स्थित शिव मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से धर्मराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एम्बुलेंस से सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मराज को मृत घोषित कर दिया। घायल अजय का दाहिना पैर टूट गया है, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक दिल्ली में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के पिता जगनरायण ने मिश्रौलिया थाने में तहरीर देकर ट्रैक्टर चालक पर कुचलकर जान से मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।