📅 Published on: June 29, 2025
जमील सिद्दीकी बोले- भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही, मो. इदरीस ने कहा- जनता देख रही, हिसाब होगा, जिलाध्यक्ष लालजी यादव और विधायक सैयदा खातून ने भी दी चेतावनी
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर। गोरखपुर में व्यापारियों के कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे पर हुए हमले के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। सपा नेताओं ने घटना को लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर विपक्ष को दबाना चाहती है, लेकिन समाजवादी चुप बैठने वाले नहीं हैं।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता जमील सिद्दीकी ने कहा, “भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। जिस तरीके से नेता प्रतिपक्ष पर हमला हुआ, वह बताता है कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। सत्ता के इशारे पर गुंडे खुलेआम हमले कर रहे हैं। हम यह अन्याय कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
वहीं सपा के वरिष्ठ नेता मो. इदरीस ने कहा, “जनता सब देख रही है। जब समय आएगा तो भाजपा को उसकी औकात दिखा दी जाएगी। विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन समाजवादी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।”
जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने चेतावनी देते हुए कहा, “आज भाजपा के इशारे पर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। हम सड़कों पर उतरकर इस तानाशाही का जवाब देंगे। यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”
इस मौके पर डुमरियागंज की सपा विधायक सैयदा खातून ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “नेता प्रतिपक्ष पर हमला सीधे-सीधे लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा यह भूल गई है कि सत्ता स्थायी नहीं होती। हम पीड़ितों को न्याय दिलाकर रहेंगे। महिलाओं और गरीबों की आवाज को भी दबाया जा रहा है, लेकिन सपा कार्यकर्ता हर अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े रहेंगे।”
प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन भी जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को सौंपा। मौके पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।