📅 Published on: July 16, 2025
हमारी आस्था को रौंदा जा रहा है। अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। – सैयदा खातून, सपा विधायक
सिद्धार्थनगर | 16 जुलाई 2025 | कपिलवस्तु पोस्ट
डुमरियागंज क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक फागू शाह मजार पर प्रशासन द्वारा की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई को “धार्मिक आस्था पर हमला” बताते हुए आक्रोश जताया।
डुमरियागंज तहसील के बदलिया गांव में स्थित फागू शाह बाबा की करीब 105 साल पुरानी मजार को मंगलवार सुबह प्रशासन ने बुलडोजर से ढहा दिया। प्रशासन का तर्क था कि मजार सरकारी पशुचर (चारागाह) भूमि पर अवैध कब्जे के रूप में निर्मित थी। कार्रवाई ADM गौरव श्रीवास्तव और ASP प्रशांत कुमार की निगरानी में की गई।
बुधवार को सपा विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक विजय पासवान, सपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक लालजी यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया और नारेबाजी की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सपा कार्यकर्ताओं को भी निशाना बना रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह स्थल चारागाह की भूमि पर था और इस पर धार्मिक निर्माण बिना अनुमति के किया गया था। इसलिए नियमानुसार कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में किसी प्रकार की अशांति न फैले इसके लिए धारा 144 भी लागू कर दी गई थी।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि धार्मिक स्थलों से छेड़छाड़ और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न की घटनाएं जारी रहीं तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और ज़रूरत पड़ी तो न्यायालय का भी दरवाज़ा खटखटाया जाएगा।