ANM प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन पर बोले पाल स्वास्थ्य सेवाओं में बनेगा मील का पत्थर

● 2 करोड़ 23 लाख की लागत से सीएमओ परिसर में हुआ निर्माण
● अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा ANM कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए
● सांसद बोले – यह सिर्फ लोकार्पण नहीं, बल्कि जनपद के लिए ऐतिहासिक दिन है|

निज़ाम अंसारी | सिद्धार्थनगर।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सिद्धार्थनगर जनपद ने बुधवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। 2 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ परिसर में ANM प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण पूरा कर इसका भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सांसद पाल ने कहा, यह केवल एक प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि जनपद सिद्धार्थनगर के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होने वाला कदम है।” उन्होंने बताया कि लंबे समय से मांग थी कि ANM को प्रशिक्षण के लिए बस्ती मंडल न जाना पड़े, इसी को ध्यान में रखते हुए नीति आयोग योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 23 लाख रुपये की धनराशि आवंटित करवाई गई।

सांसद पाल ने कहा कि “तत्कालीन सीएमओ ने ANM प्रशिक्षण केंद्र की आवश्यकता पर जोर दिया था, तब मैंने इसे गंभीरता से लिया और कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ से निर्माण कार्य संपन्न कराया।”

कार्यक्रम में सीएमओ डा. रजत कुमार चौरसिया ने कहा कि, अब हमारे ANM कर्मियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह केंद्र जिला मुख्यालय में ही सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे समय और संसाधन दोनों की बचत होगी।” उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में एसी लगाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।

इस अवसर पर बढ़नी नगर पालिका अध्यक्ष सुनील अग्रहरि और सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने कहा कि “सांसद पाल की दूरदर्शिता और प्रयासों का यह परिणाम है कि आज सिद्धार्थनगर को यह ऐतिहासिक तोहफा मिला है।”

सीडीओ बलराम सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र जिले के लिए वरदान साबित होगा। ANM स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं, उनका समय-समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।”

उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ANM कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।