फागू शाह मजार ध्वस्तीकरण के विरोध में कांग्रेस का धरना, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

Kapilvastupost

डुमरियागंज, 17 जुलाई।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम चौखड़ा स्थित बदलिय में 105 वर्ष पुरानी पीर फकीर फागू शाह बाबा की मजार को 15 जुलाई की सुबह प्रशासन द्वारा अचानक बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिए जाने के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी ने डुमरियागंज तहसील परिसर में जोरदार धरना प्रदर्शन किया।

धरने का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए घटना की उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा मजार के पुनर्निर्माण की मांग की।

कांग्रेस ने कहा – फागू शाह मजार सौहार्द का प्रतीक
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद एवं उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि फागू शाह बाबा की मजार 105 साल पुरानी थी और यह जनपद में हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिसाल थी। इस मजार से दोनों समुदायों की आस्था जुड़ी थी। कांग्रेस पार्टी इस ध्वस्तीकरण की घोर निंदा करती है।
उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दी गई है, और कांग्रेस पार्टी क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

सांप्रदायिक ताकतों को कांग्रेस का करारा जवाब वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा. बख्तियार उस्मानी व उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह ने कहा कि कुछ सांप्रदायिक ताकतें राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए सामाजिक ताना-बाना बिगाड़ना चाहती हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर जनपद में हिन्दू-मुस्लिम हमेशा भाईचारे के साथ रहते आए हैं और आगे भी रहेंगे।