📅 Published on: July 25, 2025
रिश्वतखोरी के वायरल ऑडियो पर बड़ी कार्रवाई: शोहरतगढ़ के लेखपाल अनीश कौशल निलंबित, तहसीलदार जांच में आरोप सही पाए गए
गौरतलब है कि लेखपाल संघ इस समय अपने निलंबित सदस्यों की बहाली को लेकर लगातार आवाज उठा रहा है। इसी बीच एक और रिश्वतखोरी का मामला सामने आना विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
निजाम अंसारी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।
शोहरतगढ़ तहसील में तैनात लेखपाल अनीश कौशल का रिश्वत लेने का एक ऑडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम शोहरतगढ़ राहुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार से जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसडीएम ने लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल ऑडियो में अनीश कौशल और एक कथित बिचौलिये के बीच पैसों के लेनदेन की बातचीत सामने आई थी। बातचीत में 50 हजार रुपये की डील के बाद लेखपाल की ओर से 35 हजार रुपये मिलने और उसमें खर्च हो जाने की बात कही गई थी। बातचीत में यह भी सामने आया कि शेष 5 हजार रुपये काम पूरा होने के बाद दिल्ली से लौट कर देने की बात कही गई थी।
इस ऑडियो के सामने आते ही एसडीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तहसीलदार को जांच सौंप दी थी। जांच में आरोप प्रमाणित होने पर लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिनों में आरोप पत्र सौंपने का निर्देश दिया गया है।
निलंबन के बाद अनीश कौशल को रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, शोहरतगढ़ से संबद्ध कर दिया गया है और इस अवधि में उन्हें आधा वेतन मिलेगा।
गौरतलब है कि लेखपाल संघ इस समय अपने निलंबित सदस्यों की बहाली को लेकर लगातार आवाज उठा रहा है। इसी बीच एक और रिश्वतखोरी का मामला सामने आना विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।