सिद्धार्थ नगर – भीषण गर्मी से स्कूल के बच्चों की हालत दयनीय

भीषण गर्मी में स्कूलों के समय में बदलाव की उठी मांग, शिक्षक संगठनों ने डीएम और बीएसए को सौंपा ज्ञापन

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर।
जिले में जारी भीषण और उमस भरी गर्मी को देखते हुए प्राथमिक विद्यालयों के समय में परिवर्तन या अवकाश की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी से विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव करने की अपील की है।

संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि इस समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बिजली आपूर्ति की स्थिति भी बेहद खराब है, जिससे कक्षाओं में बैठना दूभर हो गया है।

उन्होंने मांग की कि इस भीषण गर्मी के दौर में कक्षा 8 तक के विद्यालयों को या तो अस्थायी रूप से बंद किया जाए या फिर समय में तत्काल प्रभाव से परिवर्तन किया जाए। सोशल मीडिया पर भी अभिभावक और आमजन डीएम से समय परिवर्तन की मांग कर रहे हैं।

शिक्षक संगठनों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।