📅 Published on: July 25, 2025
अधिकांश ग्राम पंचायतों में साफ सफाई न के बराबर प्रधान के निर्देशों की खुले आम अवहेलना
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
विकास खंड बढ़नी के ग्राम पंचायत सिसवनिया में तैनात सफाई कर्मचारी सुनील कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच अपर पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक विकास अधिकारी (पं.) बढ़नी ने जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय को 15 जुलाई 2025 को अवगत कराया था कि ग्राम पंचायत सिसवनिया में मॉनिटरिंग फॉर्मेट व संचारी रोग नियंत्रण अभियान जुलाई 2025 में नीलीकृत ब्लॉक मोबलाइजेशन मॉनिटरिंग फॉर्मेट (यूनीसेफ एसएसएम नेट) के अनुसार सफाई कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा गांव में जगह-जगह गंदगी और कूड़े-कचरे का ढेर पाया गया।
ग्राम प्रधान व ग्रामीणों का आरोप है कि सुनील कुमार महीनों से गांव में सफाई करने नहीं आते और अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह हैं। इन्हीं सब कारणों को देखते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
इस संबंध में अपर पंचायत राज अधिकारी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन व मैसेज का जवाब नहीं दिया। उधर, खंड पंचायत अधिकारी राम विलास राय ने कहा कि अभी तक उन्हें संबंधित मैसेज नहीं मिला है, इसलिए उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।