रेलवे प्लेटफॉर्म पर छात्र से आरपीएफ जवान की मारपीट, परिजनों ने की न्याय की मांग

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान द्वारा कक्षा 8 के छात्र को बर्बरता से पीटे जाने का मामला सामने आया है, जिससे जनपद सिद्धार्थनगर के लोगों में आक्रोश है। यह घटना 24 जुलाई को बढ़नी रेलवे स्टेशन की है, जहां छुट्टी के बाद घर लौट रहे छात्र अरबाज अहमद के साथ आरपीएफ जवान ने कथित तौर पर बिना किसी स्पष्ट कारण के मारपीट की।

ग्राम धनौरा बुजुर्ग निवासी हारून ने अपने बेटे अरबाज अहमद, जो बड़नी बाज़ार स्थित दयानंद लघु माध्यमिक विद्यालय में पढ़ता है, के साथ हुई इस घटना को लेकर केंद्रीय सतर्कता आयोग को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों के अनुसार, छात्र रोज़ की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद ट्रैफिक की वजह से रेलवे प्लेटफॉर्म होकर घर लौट रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान ने उसे पकड़ लिया और गालियां देते हुए बुरी तरह पीटा।

परिजनों ने आरपीएफ की इस कार्रवाई को अमानवीय बताया और कहा कि इससे छात्र मानसिक रूप से आहत हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी जवान पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना ने रेलवे परिसर में तैनात सुरक्षा बलों के व्यवहार और कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में यह चिंता बढ़ गई है कि क्या रेलवे प्लेटफॉर्म पर अब आम नागरिक और स्कूली बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं?

इस संबंध में बलरामपुर आरपीएफ थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन 9794844709 नंबर पर बात नहीं हो सकी। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि आरपीएफ और रेलवे प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या दोषी जवान पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।