सिद्धार्थनगर — नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड नंबर 6 में स्थित निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन उस समय सनसनी का केंद्र बन गया, जब सोमवार को मजदूरों के मेट को वहां से सड़ी-गली बदबू आने लगी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जिसमें एक महिला का शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका बिहार की रहने वाली थी और उसका पति शिवकुमार भी उसी निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। पुलिस का दावा है कि 28 जुलाई की शाम शिवकुमार ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को मिट्टी में दबा दिया था।
सूचना पर थाना शोहरतगढ़ के प्रभारी निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी, उपजिलाधिकारी तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शिवकुमार की गिरफ्तारी के लिए एक टीम बिहार रवाना कर दी गई है।
यह घटना स्थानीय लोगों के बीच दहशत और आक्रोश दोनों का कारण बनी हुई है। मामले की गहन जांच की जा रही है।