📅 Published on: August 7, 2025
Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): नगर पंचायत द्वारा शोहरतगढ़ कस्बे में बनवाए जा रहे डिजिटल लाइब्रेरी भवन में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवती का दफनाया गया शव बरामद हुआ। बुधवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका नींबू मांझी की हत्या उसी के प्रेमी शिवबालक कुमार ने की थी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के करकटवा गांव निवासी नींबू मांझी (25) लाइब्रेरी निर्माण कार्य में मजदूरी कर रही थी। वहीं, उसका प्रेमी शिवबालक कुमार भी उसी साइट पर काम करता था। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर मजदूरी का कार्य शुरू किया था।
पुलिस के अनुसार, नींबू मांझी गर्भवती हो गई थी, जिससे शिवबालक को शक हो गया कि वह बच्चा उसका नहीं है। उसने नींबू को गर्भपात कराने का दबाव डाला लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसने मौके का फायदा उठाकर निर्माणाधीन भवन में रखी सीमेंट की चक्की से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं जमीन में दफना दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के भाई बृजविहारी ने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर दी। जांच के बाद शव बरामद हुआ और शिवबालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
गिरफ्तारी में जुटी रही ये पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक: बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी
अपर निरीक्षक: अवधेश पांडेय
एसओजी प्रभारी: जीवन त्रिपाठी
टीम सदस्य: हेड कांस्टेबल राजीव शुक्ल, मनोज राय, दिलीप कुमार, आशुतोषधर दुबे, दिनेश यादव, कैलाश, आरक्षी वीरेंद्र तिवारी, रोहित चौहान, सत्येन्द्र यादव, छविराज यादव, प्रभाकर और धर्मराज ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला प्रेम संबंधों में बढ़ते अविश्वास और महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से गंभीर सवाल खड़े करता है।