📅 Published on: August 8, 2025
Kapilvastupost
त्रिलोकपुर (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के जनिकौरा गांव चौराहे पर बुधवार रात एक दुकानदार के साथ हुई अमानवीय मारपीट ने पूरे इलाके को हिला दिया। पीड़ित के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि भुसैलवा गांव निवासी तीन युवक देर रात दुकान के बाहर बुलाकर उसके भाई पर टूट पड़े, बेहोश होने तक पीटा और फिर खंभे से बांधकर घावों पर नमक छिड़क दिया।
आशीष कुमार पाठक ने बताया कि उनका भाई आदर्श पाठक जनिकौरा चौराहे पर दुकान चलाता है। बुधवार आधी रात तीन युवक दुकान के बाहर आए और शटर पीटने लगे। जैसे ही शटर खोला, आरोपियों ने आदर्श पर हमला बोल दिया। बुरी तरह पिटाई के बाद जब वह बेहोश हो गया तो उसे खींचकर खंभे से बांध दिया और जख्मों पर नमक छिड़ककर यातना दी।
राहगीरों से मिली सूचना पर गांव वाले मौके पर पहुंचे और घायल को छुड़ाया। गंभीर हालत में सीएचसी इटवा लाने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर वीरेन्द्र कुंवर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।