बढ़नी – रहस्यमयी ढंग से लापता हुए दो बच्चे गायब बच्चों के परिवारों में गहराया सदमा, पुलिस  हर कोण पर जांच पड़ताल कर रही है 

थाना क्षेत्र विवाद: कठेला समय माता बनाम ढेबरुआ थाना

बच्चों का अंतिम लोकेशन ढबरूवा लापता किशोर: सफिउल्लाह (15), महबूब (14)

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झकहिया से मंगलवार दोपहर रहस्यमयी ढंग से दो किशोरों के गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। 15 वर्षीय सफ़ीउल्लाह पुत्र समसुल्लाह और 14 वर्षीय महबूब पुत्र खुर्शीद का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले में उनके साथ निकले तीसरे युवक पाली पुत्र पट्टू उर्फ साहब अली की भूमिका को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है।

पाली के बयानों पर उठे सवाल, घटनास्थल से नहीं मिले कोई साक्ष्य।

पाली ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि तीनों बच्चे राप्ती मुख्य नहर (किमी 110) के पास धनौरा बुजुर्ग गांव में नहाने गए थे, लेकिन वह अकेले लौट आया। उसके अनुसार, दोनों किशोरों ने कहा था कि वे बाद में आएंगे। मगर जब पुलिस ने घटनास्थल की गहन जांच की तो वहां से न तो कपड़े, न चप्पल और न ही कोई अन्य निजी सामान मिला — जिससे डूबने की आशंका कमजोर पड़ गई और पाली की कहानी संदिग्ध नजर आने लगी।

गांव से लापता, लेकिन क्षेत्रीय विवाद ने बढ़ाई पुलिस कीउलझन

बच्चों की गुमशुदगी की सूचना मिलने पर कठेला समय माता, ढेबरुआ और बढ़नी पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। यहां थाना क्षेत्र को लेकर आपसी मतभेद भी सामने आया। कठेला समय माता के प्रभारी अभय सिंह ने कहा कि नहर का क्षेत्र ढेबरुआ थाने में आता है, जबकि बच्चों का घर झकहिया गांव उसी थाना क्षेत्र में है, जहां से वे लापता हुए। इस भ्रम ने शुरुआती जांच को जटिल बना दिया है।

परिजन गम और आशंका में डूबे, बोले – यह कोई साजिश हो सकती है

गायब सफ़ीउल्लाह के पिता समसुल्लाह ने पाली के चरित्र और उसकी मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, “पाली कुछ छिपा रहा है, वह पूरी सच्चाई नहीं बता रहा। अगर बच्चे डूबे होते, तो कुछ न कुछ चिन्ह जरूर मिलते। हमें शक है कि यह कोई साजिश है।”

पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच, खोजबीन में लगी टीमें
फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए हर कोण से जांच कर रही है। संभावित अपहरण, दुर्घटना या अन्य किसी साजिश की आशंका को ध्यान में रखकर पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

इलाके में बेचैनी, बच्चों की सलामती के लिए दुआ कर रहे ग्रामीण । पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की सलामती को लेकर गहरी चिंता और बेचैनी है। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि दोनों बच्चे सकुशल घर लौटें। वहीं पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग न मिलने से परिजनों का दुख और भी गहराता जा रहा है।