📅 Published on: October 1, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर- बढ़नी ढेबरूआ मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास राहत हॉस्पिटल पर एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर (फ्री मेडिकल चेकअप कैंप) का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस शिविर में 130 मरीजों की जांच की गई और उन्हें मुफ्त दवाएँ भी वितरित की गईं।
मंगलवार को आयोजित इस कैंप में, लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। मुख्य रूप से आंख, नाक, गला (ईएनटी) और हड्डी एवं जोड़ (आर्थो) रोगों से संबंधित मरीजों को इस शिविर का लाभ मिला। चिकित्सकों ने मरीजों की गहन जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया और आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराईं।
राहत हास्पिटल के संचालक, डॉ. तौसीफ हैदर खान ने इस अवसर पर कहा कि एक चिकित्सक का धर्म केवल जनसेवा है। उन्होंने बताया कि इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के गरीब और असहाय लोगों की मदद करना है।
इस जनसेवा के कार्य में, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जिसमें केजीएमसी लखनऊ से ईएनटी रोग विशेषज्ञ डॉ. वाई. दयाल और केजीएमयू लखनऊ के आर्थो रोग विशेषज्ञ डॉ. के. एम. शुक्ला प्रमुख रूप से शामिल थे।