📅 Published on: October 4, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 04 अक्टूबर 2025।
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन आज तहसील बाँसी में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ० राजा गणपति आर० ने की। इस दौरान आयुक्त बस्ती मण्डल, श्री अखिलेश सिंह और उपजिलाधिकारी बाँसी, श्री निखिल चक्रवर्ती भी उपस्थित रहे।
राजस्व और विकास की शिकायतों की हुई सुनवाई
तहसील बाँसी में आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी डॉ० राजा गणपति आर० और उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती द्वारा की गई।
जिलाधिकारी डॉ० राजा गणपति आर० ने मौके पर उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जाँच की कार्यवाही शिकायतकर्ता और विपक्षी, दोनों की उपस्थिति में की जाए।
DM ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का तहसील दिवस से संबंधित कोई भी प्रकरण लम्बित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी विभाग का कोई भी प्रकरण लम्बित पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
61 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 11 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण तहसील समाधान दिवस के अवसर पर कुल 61 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें राजस्व से संबंधित 30, पुलिस विभाग से 06, विकास से 10, पूर्ति से 02 और अन्य विभागों से 13 शिकायतें थीं।
जिलाधिकारी डॉ० राजा गणपति आर० ने सक्रियता दिखाते हुए राजस्व के 11 प्रार्थना पत्रों को मौके पर ही निस्तारित करा दिया। शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को तीन दिवस के अंदर शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष और खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।