लाभार्थियों को बांटे निःशुल्क सिलेंडर, सांसद जगदम्बिका पाल ने गिनाए लाभ

गुरु जी की कलम से

लखनऊ/सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बुधवार को लोकभवन सभागार, लखनऊ में प्रदेश के उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर वितरण किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिद्धार्थनगर कलक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया, जिसमें स्थानीय सांसद जगदम्बिका पाल, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

​सांसद जगदम्बिका पाल ने इस अवसर पर लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली और होली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस प्रदान की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए ही निःशुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार दीपावली और होली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस देने का निर्णय लिया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।

​सांसद ने पुरानी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले महिलाएं लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बनाती थीं, जिससे उन्हें आंख और सांस लेने संबंधी बीमारियां हो जाती थीं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने निःशुल्क गैस कनेक्शन देकर इस गंभीर समस्या को समाप्त करने का कार्य किया है।

​उन्होंने सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। सांसद ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को आवास दिए जा रहे हैं, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है, और गांवों में पार्क तथा स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं।

​शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने कहा कि सरकार महिलाओं का सम्मान करते हुए सभी योजनाओं का लाभ महिलाओं के नाम से दे रही है। उन्होंने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है।

​भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर आदि देकर उनके सम्मान को बढ़ाने के कार्य की सराहना की।

​कार्यक्रम के दौरान सांसद, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, डीएम और सीडीओ ने प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए। इस अवसर पर चेयरमैन गोविंद माधव, एसपी अग्रवाल, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह और अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।