📅 Published on: October 15, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के आदेश के क्रम में जिले में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थ की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम लगाने हेतु विशेष छापामार अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर एल यादव के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न बाजारों में सघन जांच की।
विभिन्न स्थानों से नमूना संग्रहण और सीजिंग:
बांसी से 01 खोवा, 01 दूध का नमूना लिया गया।
अलीगढ़वा बाज़ार से 01 सरसों का तेल, 01 बादाम, 01 बूंदी लड्डू, 01 बर्फी का नमूना लिया गया।
बर्डपुर बाजार से 01 पनीर और 01 सरसों तेल का नमूना संग्रहित किया गया, साथ ही 30 किलोग्राम सरसों तेल मानक के अनुरूप न पाए जाने पर सीज किया गया।
सकारपार, बांसी से 01 दूध, 01 बर्फी का नमूना, पकड़ी से 01 खोवा का नमूना, सनई चौराहा से 01 पेड़ा, 01 बर्फी का नमूना और नौगढ़ बाजार से 02 छेना मिठाई का नमूना लिया गया।
खजुरिया रोड, थाना मोड़ नौगढ़ से 01 खोया, 01 पनीर का नमूना संग्रहित किया गया और 150 किलोग्राम खोया एवं 20 किलोग्राम पनीर सीज किया गया।
डुमरियागंज से 01 बूंदी का नमूना संग्रहित करते हुए 59 किलोग्राम बूंदी सीज की गई।
परसा शाह आलम निकट विजय पैलेस नौगढ़ से 01 कलाकन्द, 01 लड्डू, 01 डोडा बर्फी, 01 बूंदी, 01 स्किम्ड मिल्क पाउडर का नमूना लिया गया। यहां 367 किलोग्राम कलाकन्द, 103 किलोग्राम लड्डू, 23 किलोग्राम डोडा बर्फी, 119 किलोग्राम बूंदी दाना सीज किया गया और 38 किलोग्राम कलाकन्द एवं 12 किलोग्राम डोडा बर्फी मौके पर ही नष्ट कराई गई।
फूड सेफ्टी ऑन व्हील द्वारा भी कार्रवाई:
नौगढ़ बाजार में “फूड सेफ्टी ऑन व्हील” द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं के प्रतिष्ठानों की जाँच की गई, जिसमें 02 छेना मिठाई मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। इनका नमूना संग्रहित करते हुए मौके पर ही 05 किलोग्राम छेना मिठाई नष्ट करा दी गई।
कुल जब्त और नष्ट सामग्री का विवरण:
अभियान के दौरान कुल 871 किलोग्राम खाद्य सामग्री (अनुमानित मूल्य रु. 1,08,217) जब्त की गई और 55 किलोग्राम मिठाइयाँ (अनुमानित मूल्य रु. 5,400) नष्ट कराई गईं। इस प्रकार कुल 23 नमूने संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आगे की विधिक कार्यवाही:
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। टीम ने इस दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने हेतु जागरूक भी किया।
छापामार टीम में शामिल अधिकारी:
इस विशेष अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) ll आर एल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी, जय प्रकाश और रंजन कुमार श्रीवास्तव सम्मिलित रहे।