ताइक्वांडो से बढ़ती आत्म-जागरूकता और हौसला: सांसद खेल महोत्सव में मार्शल आर्ट्स को शामिल करने पर ज़ोर

Aziz Ahmad 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

​मंगलवार को शोहरतगढ़ के स्थानीय वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी में डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एकेडमी सिद्धार्थनगर ने ‘मिशन शक्ति’ के तहत मातृ शक्ति आत्मारक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया और इस तरह के मार्शल आर्ट्स की महत्ता पर ज़ोर दिया।

ताइक्वांडो: जागरूकता और आत्मबल का प्रतीक – सांसद

​मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि छतहरी खेल मैदान में हजारों की संख्या में बेटियों ने जिस आत्मविश्वास के साथ जूडो, कराटे और ताइक्वांडो जैसी मार्शल आर्ट्स सीखी हैं, उससे उनके अंदर अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूकता और हौसला आया है। उन्होंने इसे शरीर के लिए बेहतरीन एक्सरसाइज बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के खेलो इंडिया मिशन और फिटनेस की बात से जोड़ा।

​सांसद पाल ने कहा कि सिद्धार्थनगर जैसे आकांक्षी जनपद में 4500 लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया है।

उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की वैश्विक सफलता और फाइटर प्लेन उड़ाने वाली भारत की बेटियों का उदाहरण देते हुए नारी शक्ति के बढ़ते सम्मान की बात कही।

सांसद खेल महोत्सव में मार्शल आर्ट्स शामिल करने का आश्वासन

​सांसद जगदम्बिका पाल ने घोषणा करते हुए कहा कि वह जूडो, कराटे और ताइक्वांडो जैसी मार्शल आर्ट्स को सांसद खेल महोत्सव में शामिल करने का आश्वासन देते हैं, जिससे नारी शक्ति की प्रतिभा को सही मंच और स्थान मिल सके।

सशक्तिकरण और आत्मविश्वास की कुंजी

​डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एकेडमी के उमेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये प्रशिक्षण महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा कौशल सिखाने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इन कार्यक्रमों में मार्शल आर्ट तकनीकों के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक तैयारी पर भी ध्यान केंद्रित किया जाता है, जिसका अंतिम लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाना है।

स्कूली छात्राओं ने दिखाया अद्भुत कौशल

​कार्यक्रम में कई स्कूलों, जिनमें शिवपति इंटर कॉलेज, सेठ रामकुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज, पी.पी.एस. पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, स्कॉलर्स स्कूल, और चौधरी सुभाष चन्द्र ग्रामोदय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने जूडो, कराटे और ताइक्वांडो की अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।

प्रथम स्थान: सेठ रामकुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज

द्वितीय स्थान: पी.पी.एस. पब्लिक स्कूल

​आयोजन समिति ने सभी विजेता और प्रतिभागी प्रशिक्षुओं एवं गुरुजनों को शील्ड और मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके आत्मरक्षा कौशल को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

दिग्गजों की रही उपस्थिति

​कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, भाजपा नेता श्याम जायसवाल, क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अरुण प्रजापति, सचिव बजरंगी राजपूत, चेयरमैन उमा अग्रवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी सभा को संबोधित किया और नारी शक्ति को सशक्त बनाने के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन सन्दीप कुमार ने किया।