📅 Published on: November 13, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
विकास खंड बढ़नी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा बुजुर्ग में मनरेगा योजनाओं में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार पंचायत में कार्यरत रोजगार सेवक सरिता चौधरी की आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक सोनू नामक व्यक्ति उनके आईडी से फर्जी मास्टर रोल तैयार कर आनलाइन हाजिरी लगा रहा है।
गांव में चल रहे चकमार्ग पटाई कार्य (मेन सड़क से बाबूराम के खेत तक) में कुछ महिलाओं और नाबालिग लड़कियों से औपचारिक रूप से काम कराकर कोरम पूरा किया जा रहा है, जबकि दर्जनों फर्जी मजदूरों के नाम पर हाजिरी और भुगतान किया जा रहा है।
ग्राम निवासी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि रोजगार सेवक सरिता चौधरी की शादी हो चुकी है और वह अब गांव में नहीं रहतीं। इसके बावजूद उनकी आईडी से सोनू नामक व्यक्ति द्वारा भारी वित्तीय अनियमितता की जा रही है। श्रीवास्तव ने मामले की जांच की मांग की है और कहा कि अगर निष्पक्ष जांच कराई गई तो कई गंभीर भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो सकते हैं।
इस संबंध में एपीओ शाहिद सिराज और डीसी मनरेगा संजय शर्मा ने कहा कि अगर रोजगार सेवक की आईडी के गलत इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।