📅 Published on: November 16, 2025
सद्दाम खान
मालवानी, मुंबई:
मालवानी क्षेत्र में बच्चों के खेल मैदान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बच्चों के खेल मैदान का सौदा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भारी नाराज़गी है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं महिला अध्यक्ष रिज़वाना खान ने कहा कि यह मैदान मालवानी के बच्चों के भविष्य, उनके खेल और स्वास्थ्य से सीधा जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने स्पष्ट कहा,
“मालवानी के बच्चों का खेल का हक़ छीना जा रहा है। किसी भी तरह की सौदेबाज़ी स्वीकार नहीं है। हम इस मैदान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।”
लोगों का कहना है कि पहले ही क्षेत्र में बच्चों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित खेल मैदान की भारी कमी है। यदि यह मैदान भी छिन गया, तो इससे युवाओं की गतिविधियों, खेल-कूद और उनके विकास पर गंभीर असर पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने इस मामले की पारदर्शी जाँच और खेल मैदान को पूरी तरह सुरक्षित रखने की मांग की है।