📅 Published on: November 16, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 16 नवम्बर 2025।
माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला संयुक्त चिकित्सालय सिद्धार्थनगर में पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित 50 बेड के विश्राम सदन का भव्य उद्घाटन आज किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा० सांसद डुमरियागंज श्री जगदंबिका पाल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पावरग्रिड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री आर. के. त्यागी, मा० विधायक शोहरतगढ़ श्री विनय वर्मा, प्रदेश महामंत्री भाजपा श्री संजय राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीतल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री कन्हैया पासवान, स्वतंत्र निदेशक पावरग्रिड श्री युगेश कुमार दीक्षित, कार्यपालक निदेशक पावरग्रिड श्री शिव तपस्या पासवान तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर श्री शिवशरणप्पा जीएन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने फीता काटकर एवं शिलापट का अनावरण कर विश्राम सदन का उद्घाटन किया। इसके बाद सभी ने भवन का अवलोकन किया तथा परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
500 हैण्डपम्प और 500 सोलर लाइट का भी जिला प्रशासन को हैंडओवर
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पावरग्रिड द्वारा सीएसआर मद से 500 हैण्डपम्प तथा 500 सोलर लाइटें भी जिला प्रशासन को हैंडओवर की गईं। यह सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा – यह दिन जनपद के लिए ऐतिहासिक
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि— मरीजों के परिजन खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होते थे। यह विश्राम सदन जनपदवासियों के लिए एक वरदान है।
यह सब पावरग्रिड की सीएसआर योजना और जनहित की सोच के कारण संभव हुआ है।
सांसद ने पीजीआई के डॉक्टरों द्वारा टेलीमेडिसिन के माध्यम से सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज के मरीजों का इलाज करने की भी मांग रखी।
उन्होंने कहा कि काला नमक चावल आज वैश्विक पहचान बना चुका है।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्र की एकता और अखंडता को याद करने की आवश्यकता है।
पावरग्रिड ने कहा – सिद्धार्थनगर से जुड़ा है सांस्कृतिक और ऊर्जा संबंध
अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर. के. त्यागी ने कहा— 50 बेड का यह विश्राम सदन पावरग्रिड के लिए गौरव का विषय है।
उत्तरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए यूपी का विशेष महत्व है। नेपाल-भूटान की बिजली भी यूपी से होकर गुजरती है।
सिद्धार्थनगर का गौतम बुद्ध से जुड़ा सांस्कृतिक महत्व अतुलनीय है। हम शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
मा० विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा ने कहा— सांसद जी के निरंतर प्रयास से यह विश्राम सदन संभव हुआ। जनपद की सभी विधानसभाओं में विकास कार्य हो रहे हैं।
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद नेपाल अभिषेक शाह, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर अध्यक्ष गोविंद माधव, जिला पंचायत अध्यक्ष बस्ती संजय चौधरी,
प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डा. राजेश मोहन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।