सिद्धार्थनगर: खलिहान की भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त

Kapilvastupost
बढ़नी/शोहरतगढ़:
उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर अंतर्गत शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सोमवार को विकासखंड बढ़नी के ग्राम पंचायत बसंतपुर में खलिहान की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को भारी पुलिस बल और जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया।

चार वर्षों से चल रहा था कब्जा
भारत-नेपाल सीमा से सटे बसंतपुर गांव में शमीमा खातून पत्नी नुरुद्दीन द्वारा पिछले करीब चार वर्षों से ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा था। मामले की गंभीरता तब बढ़ी जब उक्त भूमि पर नींव डालकर पक्का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इस अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गांव की ही गीता देवी ने वाद दाखिल किया था।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
धारा 67 के अंतर्गत वाद के निस्तारण के बाद बेदखली का आदेश जारी हुआ। तहसील प्रशासन ने कब्जाधारी को कई बार नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। सोमवार को उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा और तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव की मौजूदगी में राजस्व टीम ने भूमि की पैमाइश की, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके तत्काल बाद जेसीबी मशीन लगाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।

मौके पर जुटी भारी भीड़
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण होने की संभावना बनी रही। हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ को नियंत्रित किया और शांतिपूर्वक ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की।
ग्राम समाज की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध व अनाधिकृत अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त कराने का अभियान आगे भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगा।
विवेकानंद मिश्रा, उपजिलाधिकारी (शोहरतगढ़)
इस दौरान नायब तहसीलदार महबूब आलम सहित राजस्व कर्मी और पुलिस बल के जवान तैनात रहे।