📅 Published on: March 17, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज:
बहुजन समाज के सशक्तिकरण के नायक और सामाजिक परिवर्तन के प्रणेता मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती रविवार को जिले भर में ‘बहुजन समाज दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाई गई। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से लेकर गांव-गांव तक आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने उनके संघर्षों को याद किया और उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।
सत्ता की चाभी से ही होगा दलितों का उत्थान: माता प्रसाद पांडेय
सपा जिला कार्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कांशीराम के नारे को दोहराते हुए कहा, “वोट से लेंगे सीएम, पीएम और आरक्षण से लेंगे एसपी, डीएम।” उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक सत्ता ही दलितों और पिछड़ों के उत्थान की एकमात्र चाभी है। पांडेय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी को उखाड़ फेंकना और 2027 में सपा की सरकार बनाना ही कांशीराम को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान पूर्व सांसद कुशल तिवारी और विधायक सैयदा खातून समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
डुमरियागंज में एकजुटता का संदेश
डुमरियागंज में भी सपाइयों ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम ने बामसेफ, डीएस-4 और बसपा के माध्यम से समाज को जो चेतना दी, वह आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में बच्चाराम बौद्ध और इकबाल मलिक सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारतीय बौद्ध महासभा ने बनाई अंबेडकर जयंती की रूपरेखा
पिपरा मुर्गिहवा गांव में भारतीय बौद्ध महासभा द्वारा आयोजित जयंती समारोह में संगठन का विस्तार किया गया। रेखा बौद्ध को तहसील उपाध्यक्ष व प्रिंस एवं दीपक गौतम को तहसील सचिव मनोनीत किया गया। साथ ही आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भव्य रूप से मनाने की योजना तैयार की गई। जिले की सभी तहसीलों में भी इसी तरह के वैचारिक कार्यक्रम संपन्न हुए।