📅 Published on: March 19, 2026
Kapilvastupost
बांसी(सिद्धार्थनगर): जनपद के खेसरहा थाना अंतर्गत कुर्थिया चौकी क्षेत्र के बरैनिया गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 13 वर्षीय एक किशोर ने घर के अंदर टिन शेड की बल्ली से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बरैनिया निवासी दिवेश (13) पुत्र राम प्रसाद मंगलवार की रात अपनी माँ कमला और छोटी बहन अंशिका के साथ सोया था। बुधवार सुबह माँ खेत में सरसों काटने चली गई थी, जबकि छोटी बहन घर के कामों में व्यस्त थी। इसी बीच दिवेश बाहर कहीं घूमने चला गया।
बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद दिवेश ने अपनी बहन से मोबाइल मांगा। बहन द्वारा मोबाइल न दिए जाने पर वह नाराज होकर दूसरे कमरे में चला गया और टिन शेड में लगी बल्ली के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर लटक गया।
बहन ने देखा भाई का शव
सुबह करीब 9 बजे जब छोटी बहन अंशिका कुछ सामान लेने कमरे में गई, तो भाई को फंदे से लटका देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह चीखती-चिल्लाती खेत में माँ के पास पहुंची। बदहवास माँ जब घर पहुंची तो बेटे का शव देख सुध-बुध खो बैठी। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में कभी किसी तरह का झगड़ा या विवाद नहीं सुना गया था। मृतक के पिता और बड़ा भाई मुंबई में मजदूरी करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही कुर्थिया चौकी प्रभारी जगत नारायण यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पंचनामा कर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।