गैस एजेंसी पर पुलिस की मौजूदगी में महिला से बदसलूकी और मारपीट; सिलेंडर पैर पर मारकर किया घायल, वीडियो वायरल

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जनपद के थाना मिश्रौलिया क्षेत्र अंतर्गत एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ गैस सिलेंडर लेने गई एक महिला के साथ अभद्रता, छेड़खानी और मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?
ग्राम मांझारिया की निवासी अनीता पुत्री रामजीत ने थाना प्रभारी को दी गई शिकायत में बताया कि वह 29 मार्च को दोपहर लगभग 4:30 बजे चेतिया स्थित H.P. गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद एजेंसी मालकिन के पति हरिश्चंद्र और अन्य कर्मचारियों ने सिलेंडर देने की बात को लेकर कहा-सुनी शुरू कर दी।
गंभीर आरोप: दुपट्टा खींचा और जान से मारने की धमकी दी
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने बदसलूकी का विरोध किया, तो हरिश्चंद्र और उसके कर्मियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और उसका दुपट्टा खींचकर उसे अपमानित किया। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने गैस सिलेंडर (बाटला) उठाकर महिला के पैर पर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

साक्ष्य के रूप में वीडियो मौजूद
पीड़िता के अनुसार, इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया गया है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया है। इस घटना से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। थाना मिश्रौलिया पुलिस ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।