निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर- मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे जनपद में उत्साह और भावुकता का माहौल रहा। सोशल मीडिया से लेकर शिक्षण संस्थानों तक हर तरफ मां की ममता का गुणगान होता रहा। बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए, तो वहीं माताओं ने भी अपने लाडलों को गले लगाकर लंबी उम्र का आशीर्वाद दिया। शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही रौनक
गंगा नेशनल पब्लिक स्कूल, परसा भदवरिया में मदर्स डे का आयोजन भव्य तरीके से किया गया। इस दौरान बच्चों और उनकी माताओं ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रशासनिक व्यवस्थापक अमित राय ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और अभिभावकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव गहरा होता है। प्रधानाचार्य अजय भारद्वाज ने सभी माताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कंचन राय, मंजू, प्रिया और काजल उपाध्याय समेत कई शिक्षक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सोशल मीडिया पर उमड़ा भावनाओं का सैलाब
दिन भर फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर मदर्स डे की धूम रही। लोगों ने अपनी मां के साथ सेल्फी और दिल को छू लेने वाली शायरी साझा की। जहां खुशियों का माहौल था, वहीं उन लोगों ने भी अपनी दिवंगत माताओं को याद किया जिनकी मां अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी तस्वीरों पर भावुक संदेश लिखकर अपनी यादें ताजा कीं।