📅 Published on: May 10, 2026
निज़ाम अंसारी
बांसी। नगर पालिका परिषद बांसी के कर्मचारियों के समर्पण और कठिन परिश्रम को सराहते हुए शनिवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चमनआरा और पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद इदरीश पटवारी ने पालिका कर्मियों को अंगवस्त्र और विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
कर्मचारियों का श्रम ही नगर की पहचान: अध्यक्ष
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चमनआरा ने कहा कि नगर की स्वच्छता, सुचारू व्यवस्था और सर्वांगीण विकास की नींव हमारे कर्मचारी ही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “आज नगरवासियों को जो बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, वह इन कर्मचारियों के दिन-रात के परिश्रम का परिणाम है।” उन्होंने सभी कर्मियों से भविष्य में भी इसी निष्ठा और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मनोबल से बढ़ती है कार्यक्षमता: इदरीश पटवारी
पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद इदरीश पटवारी ने कर्मचारियों के योगदान को अमूल्य बताते हुए कहा कि समय-समय पर उनका उत्साहवर्धन करना शासन और प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों के काम को सम्मान मिलता है, तो उनकी कार्यक्षमता और मनोबल दोनों में वृद्धि होती है, जिसका सीधा लाभ नगर के विकास और जनता को मिलता है।
सम्मान पाकर गदगद हुए कर्मचारियों ने नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने का संकल्प दोहराया।