बर्डपुर में दिनदहाड़े सनसनी: गहने देखने के बहाने आए दो उच्चक्के 5 लाख के जेवर लेकर रफूचक्कर, CCTV में कैद हुई करतूत

Kapilvastupost

बर्डपुर (सिद्धार्थनगर): जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्डपुर कस्बे में रविवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पल्टा देवी मार्ग स्थित ‘राजकुमार ज्वेलर्स’ से बाइक सवार दो युवक करीब 33.150 ग्राम सोने के जेवरात लेकर चंपत हो गए, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
वारदात का तरीका: ग्राहक बनकर आए, जेवर लेकर भागे
पीड़ित दुकानदार राजकुमार जायसवाल के अनुसार, रविवार दोपहर दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने जेवर दिखाने का आग्रह किया, जिस पर दुकानदार ने उन्हें सोने की नथुनी, टप्स, लाकेट और कील दिखाईं। जैसे ही दुकानदार की नजरें थोड़ी ओझल हुईं, दोनों युवक मौका पाकर जेवरों का डिब्बा समेटकर बाहर खड़ी बाइक से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुए आरोपी
भागते हुए दोनों युवकों की तस्वीरें दुकान के सामने लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई हैं। फुटेज में दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर तेजी से बाजार से निकलते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मोहाना थाना प्रभारी (SO) जितेंद्र सिंह और चौकी इंचार्ज अमित चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।