📅 Published on: July 16, 2026
**खिरीडीहा में फ्रिज के पास फंदे से लटकता मिला 13 वर्षीय किशोरी का शव, नाना ने गांव के ही युवक पर लगाया प्रताड़ना का गंभीर आरोप**
Kapilvastupost
*लोटन (सिद्धार्थनगर)।*
लोटन कोतवाली क्षेत्र के खिरीडीहा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 13 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
**घर में अकेली थी किशोरी**
मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से नेपाल के लुंबिनी थाना क्षेत्र के महतनियां गांव निवासी मनीषा (13) पुत्री शिवकुमार, पिछले लगभग दो साल से लोटन क्षेत्र के खिरीडीहा गांव में अपने नाना राजाराम के घर पर रह कर पढ़ाई कर रही थी। वह कक्षा पांच की छात्रा थी। उसके माता-पिता आजीविका के सिलसिले में मद्रास (चेन्नई) में काम करते हैं।
बुधवार को परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे, जबकि मनीषा की बड़ी बहन बकरियां चराने गई हुई थी। दोपहर में जब बड़ी बहन घर वापस लौटी और पानी पीने के लिए फ्रिज के पास गई, तो वह दंग रह गई। फ्रिज के पास ही उसकी छोटी बहन मनीषा का शव फंदे से लटक रहा था।
**नाना ने लगाया प्रताड़ना का आरोप**
बड़ी बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग और नाना राजाराम मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मृतका के नाना राजाराम ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मनीषा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
**फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी**
सूचना मिलते ही लोटन कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
**अधिकारी का बयान:**
“शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों (नाना) द्वारा लगाए गए आरोपों को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
*हरिओम कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी, लोटन*