📅 Published on: August 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/मोहाना। फिल्मों या चुटकुलों में डॉक्टर द्वारा पेट में कैंची या तौलिया भूल जाने की बातें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही हैरान करने वाला असल मामला सामने आया है। बर्डपुर चौराहे पर स्थित विद्या अस्पताल के डॉक्टर ने मरीज के पेट दर्द के ऑपरेशन के दौरान पेट के अंदर ही ‘डीजे स्टेंट’ (डबल जे स्टेंट) छोड़ दिया।
दूसरे अस्पताल में जांच के बाद हुआ बड़ा खुलासा चिल्हिया थाना क्षेत्र के अलीदापुर निवासी शिकायतकर्ता पंकज चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके गांव के रमेश पटवा (पुत्र स्व. कृपानाथ पटवा) को 03 जुलाई 2026 को पेट में तेज दर्द हुआ था। इसके बाद परिजन उन्हें विद्या अस्पताल बर्डपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने उनका ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन के बाद भी जब मरीज की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और पेशाब से खून आने लगा, तो परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल (वीपीएल अस्पताल) ले गए। वहां जांच के दौरान पता चला कि मरीज के पेट में एक डीजे स्टेंट (मूत्र मार्ग की रुकावट दूर करने वाली प्लास्टिक की नली) छूटा हुआ है।
अस्पताल संचालक पर धमकी देने का आरोप गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर जब ग्रामीण और तीमारदार विद्या अस्पताल पहुंचे, तो वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। शिकायतकर्ता पंकज चौबे का आरोप है कि रविवार (23 अगस्त) शाम 6 बजे विद्या अस्पताल के संचालक अजय यादव ने फोन कर ग्रामीणों के सामने उन्हें हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी ग्रामीणों के पास मौजूद है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा पीड़ित पक्ष द्वारा मोहाना थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक अजय यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार अस्पताल संचालक अजय यादव होंगे।