वाई-फाई लगाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 7 लोग घायल; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Kapilvastupost

डूमरियागंज (सिद्धार्थनगर): भवानीगंज थाना क्षेत्र के पथरपुरवा चौराहे पर वाई-फाई लगाने के मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में कुल सात लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मेहनताना मांगने को लेकर हुआ विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा निवासी अंकित पुत्र परमेश्वरी, भवानीगंज थाना क्षेत्र के पथरपुरवा चौराहे पर सैदू पुत्र रमजान की दुकान पर वाई-फाई लगाने पहुंचे थे। काम पूरा होने के बाद मेहनताना मांगने को लेकर पास की दुकान पर खरीदारी कर रहे हिसामुद्दीनपुर निवासी अभिनंदन पुत्र रामकुमार से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद अंकित ने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी।

रात में घर पहुंचकर की मारपीट बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे एक वाहन से कुछ लोग हिसामुद्दीनपुर स्थित अभिनंदन के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं।

घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • हिसामुद्दीनपुर निवासी: कुलदीप (28), अभिनंदन (23) और रामकुमार (54)।

  • रेहरा निवासी: परमेश्वरी (50), समीर (18), अंकित (30) और सौरभ कुमार (23)।

पुलिस कार्रवाई और घायलों का उपचार घटना की सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेवां भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

भवानीगंज थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में एक पक्ष तहरीर देने थाने आया है। तहरीर प्राप्त होने के बाद जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।