आंधी में गिरे पेड़ से टकराई बेकाबू बाइक: युवक की दर्दनाक मौत, 8 साल का बेटा घायल

Kapilvastupost

भनवापुर (सिद्धार्थनगर)। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के चिताही और मल्हवार गांव के बीच रविवार रात एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है। तेज आंधी-पानी के कारण सड़क पर पहले से गिरे एक बड़े पेड़ से बाइक टकराने के कारण 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका 8 साल का मासूम बेटा मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जीवाराई गांव निवासी सलमान उर्फ गुड्डू (35) रविवार रात करीब 8 बजे अपने आठ वर्षीय बेटे सुहेल के साथ मल्हवार चौराहे से सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिताही और मल्हवार के बीच सड़क पर आंधी की वजह से पेड़ गिरा हुआ था। अंधेरे के कारण सलमान पेड़ को देख नहीं पाए और बाइक उससे जा टकराई।

मासूम बेटे ने मां को फोन कर दी सूचना

टक्कर इतनी भीषण थी कि सलमान सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पिता को खून से लथपथ देखकर 8 साल का सुहेल घबरा गया। उसने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल से अपनी मां को फोन लगाया और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

ग्रामीणों की मदद से घायल सलमान को तत्काल सीएचसी सिरसिया ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आनन-फानन में डुमरियागंज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने देखते ही सलमान को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने सोमवार को नियमानुसार शव को सुपुर्द-ए-खाक (दफन) कर दिया। मामले में त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस को कोई लिखित सूचना या शिकायत नहीं मिली है।