गर्भ निरोधन में सुरक्षित और असरदार है साप्ताहिक गोली छाया

जिले में महिला लाभार्थियों ने परामर्श के बाद किया चुनाव

साप्ताहिक गोली बन रही पहली पसंद, हर साल बढ़ रही इस्तेमाल करने वालों की संख्या

kapilvastupost reporter

सिद्धार्थनगर। परिवार नियोजन में साप्ताहिक गोली छाया महिलाओं की पहली पसंद बनी है। परामर्श के बाद लाभार्थी गर्भ निरोधन में इसका चुनाव भी कर रही हैं। यह गोली अनचाहा गर्भ रोकने में सुरक्षित और असरदार है और इसी वजह से हर साल इसका इस्तेमाल करने वाले लाभार्थियों की संख्या बढ़ रही है।

शोहरतगढ़ कस्बे के अम्बेडकर नगर की राजिदा बानो (26) बताती हैं कि उनके तीन बच्चे हैं। आशा कार्यकर्ता दुर्गावती ने उनके बड़े होते परिवार को देखते हुए उन्हें परिवार नियोजन के साधन अपनाने की सलाह दी। इसके लिए उन्होंने स्थाई व अस्थाई विधियों के बारे में बताया। राजिदा ने सप्ताहिक गोली छाया को पसंद किया। वह इस गोली का तयशुदा दिवसों पर सेवन कर रही हैं। गोली का उनके शरीर पर कोई साइड इफेक्ट नहीं है। वह बताती हैं कि यह गोली अनचाहा गर्भ रोकने में सुरक्षित व असरदार है। इसका इस्तेमाल कर भी परिवार नियोजित रखा जा सकता है।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
👍बॉस्केट ऑफ च्वाइस के बारे में देती हैं जानकारी

शोहरतगढ़ के नीबी दोहनी गांव की आशा कार्यकर्ता दुर्गावती  बताती हैं कि बच्चे दो ही अच्छे हैं। वह क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों को बॉस्केट ऑफ च्वाइस (परिवार नियोजन के सभी साधन) के बारे में जानकारी देती हैं। इसके बाद लाभार्थी के पसंद के साधनों के बारे में भी विस्तार से जानकारी देती हैं। लाभार्थी को एएनएम से भी मिलवाती हैं और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय सलाह दिलवाने के बाद परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराए जाते हैं।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
👍गंभीर महिलाओं को चिकित्सकीय परामर्श जरूरी

शोहरतगढ़ सीएचसी उपकेंद्र की एएनएम सुमन चौधरी बताती हैं कि योग्य लाभार्थी (15-49 वर्ष) गोली का इस्तेमाल कर सकती हैं। अगर कोई महिला गंभीर बीमारी से पीडि़त है तो उसे चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लेने के लिए कहा जाता है।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
👍यह भी जानें

माहवारी आने के उपरांत प्रथम से पांचवें दिवस के भीतर महिलाएं छाया गोली का इस्तेमाल प्रारंभ कर सकती हैं। प्रसव के तत्काल बाद भी इसे शुरू किया जा सकता है। अगर किसी महिला का गर्भपात हुआ है तो वह गर्भपात उपरांत तुरंत गोली का सेवन कर सकती हैं। इस गोली के सेवन से मां के दूध पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
👍छाया को जनिये-

छाया साप्ताहिक गोली है। माहवारी आने के पहले दिन से इसे शुरू करनी होती है। प्रारंभ के तीन माह तक इस गोली को सप्ताह में दो बार एक-एक गोली लेना होता है। तीन माह बाद प्रत्येक सप्ताह एक गोली निश्चित दिवस में लेना होता है।  यह हार्मोंस रहित गोली है। इसका शरीर पर कोई साइट इफेक्ट नहीं है। यह सबसे सरल व सुरक्षित है। परिवार नियोजन में इसे प्रसव उपरांत तत्काल प्रारंभ किया जा सकता है।

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
👍परिवार नियोजन में साप्ताहिक गोली
छाया महिलाओं की पसंद बनी है। अस्थाई विधियों में यह गोली सुरक्षित व असरदार हैं। परिवार नियोजन में छाया गोली के प्रति महिलाओं की जानकारी का स्तर बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) वीडियो के माध्यम से जागरूक भी कर रहा है।
“राजेश शर्मा, डीपीएम”

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
छाया गोली जिला अस्पताल से लेकर, सीएचसी, पीएचसी व आशा कार्यकर्ता तक उपलब्ध है। महिलाएं स्वास्थ्य केंद्रों व आशा कार्यकर्ता से सम्पर्क कर गोली प्राप्त करते हुए सेवन कर सकती हैं।
“डॉ. उजैर अतहर, एसीएमओ आरसीएच”

,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
जिले में छाया गोली के लाभार्थी-
वर्ष                 छाया
2020-21         22021
2021-22          24687
2022-23          25009 (अप्रैल से दिसंबर)