महा शिवरात्रि पर्व पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने कतार ब।द्ध होकर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चन की। इस दौरान मंदिरों पर मेला लगा रहा।
डुमरियागंज क्षेत्र के धनोहरी, देईपार, हल्लौर, चौखड़ा आदि शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी। बयारा क्षेत्र के भुवनेश्वर नाथ मंदिर भानपुर रानी मे शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
मध्य रात्रि से ही महिलाओं एवं लड़कियों ने परछने और पूजन करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया जो सिलसिला दिन भर चलता रहा। मंदिर पर लोगों ने सत्यनारायण भगवान का कथा भी सुना। भारत भारी स्थित शिव मंदिर पर श्रद्घालुओं द्वारा पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया।
सुबह से ही शिव मंदिर में घंटे की आवाज के साथ-साथ भगवान शिव के भक्ति में गीत और जयकारा लगाया गया। महाशिवरात्रि पर्व पर क्षेत्र के चिल्हिया थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर, बरगदवा पकड़ी, बेलगड़ा, खुरहुरिया, हतवा, शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। महिलाएं शिवभक्ति गीत गाकर आरती की।