📅 Published on: April 17, 2024
kapilvastupost
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सेखुईया निवासी गोपाल कृष्ण वर्मा ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर सिद्धार्थनगर जिले का मान बढ़ाया है।
परीक्षा उत्तीर्ण करने की खबर सुन कर क्षेत्र के लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ सेखुईया की तरफ बढ़ने लगी। लोगों ने परिजनों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सेखुईया निवासी गोपाल कृष्ण वर्मा एक साधारण किसान परिवार से हैं। जिनके पिता बृजभान वर्मा एक कृषक एवं माता सुभद्रा देवी एक गृहणी हैं। गोपाल कृष्ण वर्मा ने लगभग 27 वर्ष की आयु में देश की सबसे बड़ी परीक्षा को उत्तीर्ण किया है।
जिससे गांव सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। गोपाल के चाचा सुग्रीव वर्मा ने प्रेस से वार्ता के दौरान बताया कि गोपाल की प्रारंभिक शिक्षा गांव के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय जिमडी में हुई है और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सरस्वती विद्या मंदिर बैदौलागढ़ में हुई है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही गोपाल का सपना डीएम बनना था।
इस सपने को सच करने के लिए बहुत कम उम्र में ही उन्होंने अपने गांव को छोड़कर उच्च शिक्षा के लिए सर्वप्रथम एमएलके डिग्री कॉलेज बलरामपुर से बीएससी व डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से एमएससी की डिग्री प्राप्त की।
उसके बाद वे तैयारी के लिए इलाहाबाद में रहने लगे। यहीं से दो बार यूपीएससी की परीक्षा दी। लेकिन असफलता हाथ लगी। इसके पश्चात दिल्ली में रह कर सेल्फ स्टडी में कड़ी मेहनत कर तीसरी बार में सफलता का परचम लहराया।
गोपाल को आईएएस की परीक्षा में 846 रैंक प्राप्त हुआ है। घर में सबसे बड़े होने के कारण वे अपने दूसरे छोटे भाईयों में सतपाल वर्मा व विजय पाल वर्मा के लिए आदर्श हैं।