डीआईओएस सोमारू प्रधान ने कई माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय अलग-अलग स्कूलों के दो लिपिक के गैरहाजिर मिलने पर एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उन्होंने दो स्कूलों में अमान्य कक्षाओं के संचालन को पकड़ा।
बच्चों को न रोकने पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी है। मंगलबार को जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान ने जनता इंटर कॉलेज उदयराजगंज चिल्हिया का निरीक्षण किया। लिपिक अशोक कुमार द्विवेदी अनुपस्थित मिले। इस दौरान उन्हें तमाम बिंदुओं से संबंधित रजिस्टर नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।
स्कूलों में बेहतर साफ-सफाई के साथ शैक्षणिक माहौल बनाने का निर्देश दिया। सेठ रामकुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ का निरीक्षण किया। यहां शैक्षणिक माहौल बेहतर पाया। नामांकन के सापेक्ष बालिकाओं की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत ठीक थी।
शिकायत मिलने के बाद उन्होंने परसा स्टेशन सोहरतगढ़ क्षेत्र में संचालित डॉ. भीमराव आंबेडकर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मान्यता कक्षा छह से 10 तक है। जबकि कक्षा एक से पांच 11 और 12 की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।
इसी प्रकार दशरथ कल्याणी बालिका विद्यालय चरिगंवा में भी कक्षा पांच तक मान्यता के सापेक्ष कक्षा छह से 10 तक का संचालन होता पाया। डीआईओएस ने दोनों विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों को अमान्य कक्षाओं का संचालन बंद करने का निर्देश दिया। भविष्य में संचालन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनकोला के निरीक्षण में लिपिक अमित मित्रा अनुपस्थित मिले। जिविनि ने लैब, अतिरिक्त कक्षा कक्ष, मल्टीपरपज हॉल, पुस्तकालय आदि के ही रहे निर्माण कार्य को देखा। उन्हें ईंट की गुणवत्ता खराब मिली। प्रधानाचार्य की गुणवत्तापूर्ण कराने के लिए कार्यदायी संस्था को पत्र लिखने का निर्देश दिया।