📅 Published on: September 23, 2024
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर 23 सितंबर / भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा लगातार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के खिलाफ आपत्तिजनक एवं भड़काऊ बयान देने के खिलाफ राहुल गांधी जी को एसपीजी सुरक्षा कवर देने एवं भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आज अल्पसंख्यक कांग्रेस एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अकील अहमद मुन्नू एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा।
इस अवसर पर अकील अहमद मुन्नू एवं लक्ष्मी प्रसाद यादव ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जी के खिलाफ लगातार भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेता आपत्तिजनक एवं भड़काऊ बयान दे रहे हैं।
जिसे हम कांग्रेस के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर उन नेताओं पर शीघ्र ही कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी के लोग सड़कों पर उतरकर आर पार की लड़ाई छेड़ेंगे।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव देवेन्द्र कुमार निषाद एवं कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सादिक अहमद ने कहा कि राहुल गांधी जी की बढ़ती हुई लोकप्रियता एवं उनके द्वारा जातिगत जनगणना कराये जाने की मांग को लेकर भाजपा के लोग बौखला गए हैं ।
इसलिए देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह का अनर्गल बयान दे रहे हैं।
इस अवसर पर रियाज़ मनिहार, इश्तियाक चौधरी, सबरे आलम, रितेश त्रिपाठी, गालिब बिसेन, होरी लाल श्रीवास्तव, शौकत अली, नियाज़ अहमद, अकरम अली सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।